स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स 2026 में भारत का गोल्डन शो, श्रीलंका को 16-1 से रौंदा; जुगराज के 4 गोल, अभिषेक-दिलप्रीत की हैट्रिक

आइची नागोया।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए मंगलवार को श्रीलंका को 16-1 से करारी शिकस्त दी। गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए पूल-ए के मुकाबले में गत चैंपियन भारत ने शुरू से अंत तक दबदबा बनाए रखा। भारत की यह पूल-ए में लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर की थी। भारत की ओर से जुगराज सिंह ने चार गोल दागे, जबकि अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाई। हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए, जबकि मंदीप सिंह, सुखजीत सिंह, मनप्रीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने एक-एक गोल किया। इस तरह भारत के आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए।

पहले क्वार्टर से ही भारत का दबदबा

भारत ने मैच के पांचवें मिनट में ही बढ़त बना ली। जरमनप्रीत सिंह के शानदार मूव के बाद मंदीप सिंह ने गेंद को गोल में पहुंचाया। इसके बाद जुगराज सिंह ने 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। अगले ही मिनट अभिषेक ने भारत की बढ़त 3-0 कर दी।

हरमनप्रीत सिंह ने 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया, जबकि एक मिनट बाद अभिषेक ने अपना दूसरा गोल दाग दिया। जुगराज ने 22वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 6-0 से आगे कर दिया। 24वें मिनट में जुगराज के एक और प्रयास को वीडियो रेफरल के बाद गोल नहीं माना गया। भारत ने 29वें मिनट में सुखजीत सिंह के गोल से छह गोल की बढ़त फिर हासिल की। इसके अगले ही मिनट दिलप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को हाफ टाइम तक 8-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में भी जारी रही गोलों की बारिश

तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने आक्रामक खेल जारी रखा। मनप्रीत सिंह ने 31वें मिनट में जोरदार शॉट से गोल किया। इसके बाद विवेक सागर प्रसाद ने 36वें मिनट में बैकहैंड से शानदार गोल दागा। दिलप्रीत सिंह ने 38वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि जुगराज सिंह ने 42वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की। 45वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल किया और तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 13-0 से आगे हो गया।

आखिरी क्वार्टर में भी भारत का दबाव बरकरार

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में अभिषेक ने 49वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। हालांकि, श्रीलंका को 50वें मिनट में सुरेश रत्नायके के गोल के रूप में मैच का पहला गोल मिला। इसके बाद भारत ने फिर से आक्रमण तेज किया। जुगराज सिंह ने 53वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर अपना चौथा गोल पूरा किया। दो मिनट बाद दिलप्रीत सिंह ने भी हैट्रिक पूरी की और भारत ने 16-1 की विशाल जीत के साथ मुकाबला समाप्त किया। इस जीत के साथ भारत ने पूल-ए में अपने दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। भारतीय टीम अब 24 सितंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे शुरू होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button