
नई दिल्ली।
कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारतीय फेंसिंग टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन भारत ने सीनियर व्यक्तिगत स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण, एक रजत और और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है, जिसमें आठ स्वर्ण, सात रजत और 14 कांस्य शामिल हैं।
महिला फॉइल में भारत का दबदबा
सीनियर महिला फॉइल स्पर्धा में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक अपने नाम किए। कनागलक्ष्मी ने सटीक और नियंत्रित खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि उनकी साथी जॉयस अशिता ने सिल्वर मेडल हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड की जॉर्जिया ग्रीन और एमिली गुडचाइल्ड को पीछे छोड़ते हुए पोडियम पर शीर्ष दो स्थान हासिल किए।
पुरुष एपि में शेरजिन ने जीता गोल्ड
सीनियर पुरुष एपि स्पर्धा में भी भारत को सफलता मिली। राजेंद्रन शांतिमोली शेरजिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के क्रूगर पीटर को हराया, जिन्हें सिल्वर मेडल मिला। वेल्स के बर्कहार्ट मार्क और दक्षिण अफ्रीका के लोसेव्स्की सर्गेई ने ब्रॉन्ज मेडल साझा किया।
पुरुष सेबर में करण सिंह ने दिलाया तीसरा गोल्ड
दिन के तीसरे गोल्ड मेडल पर सिंह करण सिंह ने कब्जा जमाया। उन्होंने सीनियर पुरुष सेबर के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के शिम यूंगी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। शिम यूंगी को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। भारत के कुमारेशन पद्मा गिशो निधि ने नाइजीरिया के अकिन्योसोये ओलुवाफोलायेमी के साथ ब्रॉन्ज मेडल साझा किया।
29 पदकों के साथ भारत का शानदार अभियान
प्रतियोगिता के शुरुआती तीन दिनों में भारतीय टीम ने कुल 29 पदक जीत लिए हैं। इनमें आठ स्वर्ण, सात रजत और 14 कांस्य शामिल हैं। अब भारतीय टीम की नजर फॉइल, एपि और सेबर की टीम स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबलों पर है। टीम इंडिया इन सफलताओं की लय को बरकरार रखते हुए लागोस में अपने अभियान का शानदार समापन करना चाहेगी।



