
देहरादून में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज़: 25 हजार दीपों से जगमगाया जनपद, माँ यमुना तट पर सीएम धामी ने की आरती
देहरादून : 17 सितंबर 2026,
केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने और पात्र लाभार्थियों को सीधे जोड़ने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ अत्यंत भव्यता के साथ हुआ। 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले इस माहव्यापी अभियान का मुख्य ध्येय अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
25,000 से अधिक दीपों के साथ ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम का आयोजन
अभियान के ऐतिहासिक आगाज़ पर जनपद भर में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत भव्य दीपोत्सव मनाया गया। इस दौरान पूरे देहरादून जिले में 25,000 से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। माँ यमुना के पावन तट पर विशेष यमुना आरती एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माँ यमुना तट पर दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय जनसमूह की उपस्थिति में एक साथ 2,100 दीपों की दिव्य रोशनी से यमुना का पावन तट जगमगा उठा।
विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी
स्वास्थ्य विभाग : मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, देहरादून में ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली सजाई गई और दीप जलाए गए। रंगोली को ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन’ के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान पर केंद्रित किया गया।
समाज कल्याण विभाग: रायवाला स्थित राजकीय नशा मुक्ति केंद्र में 25 ‘आशीर्वाद के दिए’ जलाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त, डॉ. बी.आर. अंबेडकर बालक छात्रावास में भी दीप जलाकर खुशियाँ मनाई गईं।
ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र: जनपद की सभी न्याय पंचायतों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों की भारी भागीदारी के साथ इस अभियान का शानदार शुभारंभ हुआ।
अभियान के तहत आयोजित होने वाले मुख्य आकर्षण
माहभर चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कई सामाजिक व जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनभागीदारी से सुशासन और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता, सेवा और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने हेतु इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।




