जन्मदिन से पहले मेसी का महा रिकॉर्ड, विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े गोलस्कोरर बने लियोनेल मेसी

डलास।
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने एक बार फिर फुटबॉल इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया है। ऑस्ट्रिया के खिलाफ ग्रुप-जे मुकाबले में 38वें मिनट में गोल दागते ही मेसी फीफा विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। 38 वर्षीय स्टार खिलाड़ी ने मैच से पहले ही कई रिकॉर्ड्स की दहलीज पर कदम रख दिया था। अल्जीरिया के खिलाफ पिछले मुकाबले में हैट्रिक लगाने के बाद वह शानदार फॉर्म में थे और ऑस्ट्रिया के खिलाफ भी उन्होंने अपना जलवा बरकरार रखा।
क्लोस को पीछे छोड़ बने नंबर-1
ऑस्ट्रिया के खिलाफ किया गया यह गोल मेसी के विश्व कप करियर का 17वां गोल रहा। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोज (16 गोल) को पीछे छोड़ते हुए फीफा विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मेसी अब विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं और उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके खेल के आड़े नहीं आ रही है।
लगातार गोल करने का रिकॉर्ड भी निशाने पर
ऑस्ट्रिया के खिलाफ किया गया यह गोल मेसी का लगातार छठे विश्व कप मैच में गोल रहा। इसके साथ ही उन्होंने फ्रांस के जस्ट फोंटेनऔर ब्राजील के जैरजिन्हो के लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यदि मेसी अगले विश्व कप मुकाबले में भी गोल करने में सफल रहते हैं, तो वह इस मामले में भी नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
जन्मदिन से पहले मिला ऐतिहासिक तोहफा
मेसी का जन्मदिन 24 जून को है और उससे ठीक दो दिन पहले उन्होंने विश्व फुटबॉल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह उपलब्धि उनके शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ती है।
अर्जेंटीना को मिली मजबूत बढ़त
मेसी के 38वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने मुकाबले में बढ़त हासिल की और टीम ने ऑस्ट्रिया पर दबाव बना लिया। अर्जेंटीना की नजर अब लगातार दूसरी जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाने पर है। विश्व कप में रिकॉर्ड्स का पर्याय बन चुके मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में गिना जाता है।
फीफा विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी देश गोल
लियोनल मेसी। अर्जेंटीना 17
मिरोस्लाव क्लोस जर्मनी 16
रोनाल्डो ब्राजील 15
गर्ड मूलर पश्चिम जर्मनी 14
किलियन एम्बाप्पे फ्रांस 14



